शिवसेना शहर प्रमुख राजेंद्रसिंह भुल्लर महाराज की मांग को मिली सफलता, स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं को विश्वास में लेने के निर्देश
उल्हासनगर | प्रतिनिधि
स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर नागरिकों की शिकायतों और आशंकाओं के बीच शिवसेना शहर प्रमुख राजेंद्रसिंह भुल्लर महाराज द्वारा महावितरण को दिए गए निवेदन का असर दिखाई दिया है। महावितरण ने उनकी शिकायत और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित AMISP एजेंसी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
महावितरण द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि स्मार्ट मीटर स्थापित करते समय शासन, महावितरण और नियामक आयोग द्वारा समय-समय पर जारी सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही मीटर बदलने से पहले उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी दी जाए, स्मार्ट मीटर के फायदे समझाए जाएं और उपभोक्ताओं को विश्वास में लेकर ही मीटर बदलने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
इसके अलावा एजेंसी के कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र (आईडी कार्ड) पहनना अनिवार्य किया गया है। महावितरण ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी शिकायतें मिलने पर गंभीर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में राजेंद्रसिंह भुल्लर महाराज ने कहा कि, “नागरिकों की आवाज को महावितरण तक पहुंचाने का प्रयास सफल हुआ है। अब जनता को भी जागरूक रहने की आवश्यकता है। यदि किसी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर बदलने की प्रक्रिया शुरू होती है, तो नागरिक पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें, अपने अधिकारों को समझें और अपनी आपत्तियां संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें। जनता एकजुट होकर अपनी आवाज उठाए, तभी उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा संभव है।”
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्मार्ट मीटर से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी प्राप्त करें और किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा नियमों के पालन की मांग करें। साथ ही यदि किसी प्रकार की जबरदस्ती, गलत जानकारी या गैरवर्तन की शिकायत हो तो तुरंत संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दें।
भुल्लर महाराज ने कहा कि शिवसेना आगे भी नागरिकों के हितों और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
0 Comments