Hamara Mahanagar News

खाद्य तेल के नाम पर अवैध डीजल तस्करी का भंडाफोड़; 54 हजार लीटर डीजल जब्त, 10 आरोपियों पर केस दर्ज

खाद्य तेल के नाम पर अवैध डीजल तस्करी का भंडाफोड़; 54 हजार लीटर डीजल जब्त, 10 आरोपियों पर केस दर्ज


ठाणे जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुंबई-नाशिक महामार्ग पर अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। दो अलग-अलग छापेमारी में करीब 87 लाख रुपये से अधिक कीमत का 54 हजार लीटर अवैध डीजल और डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध इंधन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
खाद्य तेल के नाम पर चल रहा था डीजल का खेल
पहली कार्रवाई ठाणे शहर गुन्हे शाखा घटक-1 और शिधावाटप विभाग की संयुक्त टीम ने खारेगांव टोलनाका के पास की। यहां एक टैंकर (MH-46-BB-7134) को रोका गया, जिस पर लोगों को गुमराह करने के लिए “Edible Oil” यानी खाद्य तेल लिखा गया था।

जांच में टैंकर के पांच कम्पार्टमेंट से करीब 25 हजार लीटर अवैध डीजल जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने करीब 24.50 लाख रुपये का इंधन और 22 लाख रुपये का टैंकर, कुल 46.50 लाख रुपये का माल जब्त किया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी विरार खाड़ी इलाके से बोट के जरिए डीजल लाकर टैंकर में भरते थे और उसे नाशिक की ओर सप्लाई करने की तैयारी थी। मामले में चालक धर्मेंद्रकुमार श्यामलाल पटेल को गिरफ्तार किया गया है, जबकि टैंकर मालिक सहित 8 लोगों के खिलाफ कळवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

कसारा में दूसरी बड़ी कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई कसारा पुलिस थाना क्षेत्र में चिंतामणवाड़ी पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान की गई। पुलिस ने संदिग्ध टैंकर (MH-46-BU-2388) को रोककर जांच की। चालक आसिफ करीम सैय्यद ने टैंकर में डीजल होने की बात कबूल की।

प्राथमिक जांच में पता चला कि यह डीजल गडचिरोली के सुरजागड खदान क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। टैंकर से करीब 29 हजार लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ।

पुलिस ने इस कार्रवाई में 26.26 लाख रुपये का डीजल और 15 लाख रुपये का टैंकर, कुल 41.26 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments